पत्रकार पर मुकदमे के विरोध में कुमायूं युवा प्रेस क्लब का प्रदर्शन, डीएम से कार्रवाई की मांग
रूद्रपुर। खटीमा में रसोई गैस की किल्लत को लेकर प्रकाशित खबर के बाद पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे ने विवाद को तूल दे दिया है। कुमायूं युवा प्रेस क्लब ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताते हुए इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा हमला करार दिया है।
क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव में यह मुकदमा दर्ज किया है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व जनहित के मुद्दों को उजागर करना होता है, लेकिन इस तरह की कार्रवाई से पत्रकारों को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस क्लब ने मांग की है कि पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमा तत्काल निरस्त किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न न हो।
केंद्रीय महामंत्री हरविंदर सिंह चावला ने कहा कि जनहित से जुड़ी खबरों पर मुकदमे दर्ज होना लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि पत्रकारों को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार, केंद्रीय महामंत्री हरविंदर सिंह चावला, महानगर संरक्षक बरजीत सिंह, महानगर अध्यक्ष भानु चुग, महानगर महामंत्री अभिषेक शर्मा, महानगर उप सचिव विजय गुप्ता, उप सचिव रामपाल सिंह, महानगर सोशल मीडिया प्रभारी आकाश गंगवार, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार, असलम कोहरा, मुकेश कुमार, जमील अहमद, उस्मान अली, मोहम्मद रजा, अंकुर चुग, रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
