उत्तराखंड

हल्द्वानी: पुलिस को चाकूबाजी की झूठी सूचना देना भारी पड़ा, 5000 का चालान

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध पुलिस का सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने डायल 112 पर चाकूबाजी की झूठी सूचना देकर सरकारी मशीनरी को गुमराह करने वाले एक युवक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मार्च 2026 की दोपहर आपातकालीन सेवा श्डायल 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई कि भोटियापड़ाव क्षेत्र में एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को सूचनाकर्ता राहुल अत्यधिक शराब के नशे में मिला।

पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि राहुल पर किसी भी प्रकार का कोई हमला नहीं हुआ था। उसने शराब के नशे में केवल पुलिस को गुमराह करने और परेशान करने के उद्देश्य से यह झूठी कॉल की थी। हालांकि सूचनाकर्ता ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, लेकिन राजकीय कार्य में बाधा डालने और आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी राहुल के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्यवाही करते हुए मौके पर ही 5000 रुपये का चालान काटा।

इस कार्रवाई के माध्यम से नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि श्डायल 112 जैसी महत्वपूर्ण सेवा का मजाक बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं का उपयोग केवल वास्तविक संकट के समय ही करें, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

error: Content is protected !!