उत्तराखंडउधमसिंह नगर

कुमाऊं में हर पांचवें दिन हो रहा कत्ल: नौ महीनों में 60 हत्याएं, ऊधमसिंह नगर सबसे आगे; पढ़ें पूरी रिपोर्ट

रुद्रपुर। कुमाऊं में आपसी रंजिश, प्रतिस्पर्धा और मामूली विवादों के खूनी संघर्ष में बदलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि छोटी-छोटी बातों पर लोग एक-दूसरे की जान लेने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। कहीं पुरानी अदावत तो कहीं कारोबार की प्रतिस्पर्धा और आपसी कहासुनी हत्या की वजह बन रही है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीते नौ महीनों में कुमाऊं मंडल में 60 लोगों की हत्या कर दी गई। यानी औसतन हर पांचवें दिन एक व्यक्ति की जान गई।

हत्याओं के आंकड़ों में ऊधमसिंह नगर जिला सबसे आगे है। यहां नौ महीने के भीतर 29 लोगों की हत्या हुई है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नैनीताल जिले में 17 और कुमाऊं के चार पर्वतीय जिलों में कुल 14 हत्याएं दर्ज की गईं। ऊधमसिंह नगर में पुरानी रंजिश से लेकर मामूली कहासुनी तक खूनी संघर्ष की वजह बन रही है। मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर रुद्रपुर के जिला अस्पताल में नितेश जौहरी की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर छोटी-छोटी रंजिशें हत्या तक कैसे पहुंच रही हैं और समय रहते इन घटनाओं को रोकने के प्रयास प्रभावी क्यों नहीं हो पा रहे हैं।

जिले में थम नहीं रहा हत्या का सिलसिला

ऊधमसिंह नगर में हत्या की वारदातों का सिलसिला नया नहीं है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़े भी जिले में अपराध की गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। इस अवधि में जिले में 116 से 118 तक हत्याएं दर्ज की गईं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

विवादों की भनक के बावजूद पुलिस क्यों रहती है बेखबर

जिले में कई हत्याकांड ऐसे सामने आए हैं, जिनकी पृष्ठभूमि में पहले से चली आ रही रंजिश और विवाद की बात सामने आई। इसके बावजूद संभावित हिंसक घटनाओं का समय रहते पता लगाने और उन्हें रोकने में पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्षेत्र में सक्रिय पुलिस तंत्र को विवादों और पुरानी रंजिशों की जानकारी क्यों नहीं मिल पाती? क्या बीट पुलिसिंग और खुफिया तंत्र की सक्रियता केवल घटनाओं के बाद आरोपियों की तलाश तक सीमित रह गई है? बीते माह नानकमत्ता में हुए किसान सतनाम हत्याकांड से पहले भी परिजनों की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।

हथियारों की आसान उपलब्धता भी बन रही वजह

जिले में यूपी के सीमावर्ती क्षेत्रों से सस्ते दामों पर हथियारों की उपलब्धता भी अपराध की एक बड़ी वजह बन रही है। आसानी से हथियार मिलने के कारण आपसी विवादों में भी उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। मामूली कहासुनी और पुरानी रंजिश में लोग हथियार निकालने से भी नहीं हिचक रहे हैं, जिससे विवाद जानलेवा साबित हो रहे हैं।

इन घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

अगस्त 2026 में ट्रांजिट कैंप के शिवनगर में अनिल कुमार की हत्या नशे और पैसों के विवाद में कर दी गई थी। जनवरी 2026 में रुद्रपुर में विवाद के चलते मलखान कोली की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी थी। फरवरी 2026 में हल्द्वानी में प्रेमी जोड़े की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, 18 अक्तूबर को नानकमत्ता में किसान सतनाम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन घटनाओं ने जिले और मंडल में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अपराध रोकने के लिए पुलिस कर रही प्रयास: आईजी

आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती का कहना है कि कुमाऊं में अपराध रोकने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। आपराधिक घटनाओं में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।

error: Content is protected !!