रुद्रपुर : घर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, बाल-बाल बचा परिवार
रुद्रपुर में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। एक ओर आदर्श कॉलोनी में रिहायशी मकान आग की चपेट में आ गया, वहीं दूसरी ओर बिगवाड़ा क्षेत्र में टायर की दुकान जलकर खाक हो गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों जगह आग पर काबू पाया।
आदर्श कॉलोनी में तड़के करीब 2:45 बजे एक मकान में आग लग गई। उस समय परिवार दोमंजिले पर सो रहा था। अचानक ऋषभ का दम घुटने लगा, जिससे उसकी नींद खुली। कमरे में धुआं भरने पर उसने तुरंत अपनी मां और पत्नी को जगाया। बाहर निकलकर देखा तो पहली मंजिल के कमरे में भीषण आग लगी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि कमरे में रखे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट के चलते धमाका हुआ, जिससे पास में रखा फ्रिज और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी गिरफ्त में ले लिया। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखी नकदी, सोना-चांदी समेत अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
उधर, बिगवाड़ा क्षेत्र में एक टायर की दुकान में भी आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा सामान जल गया और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
