रुद्रपुर : पैरोल पर रिहा होकर फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने कोविड महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा किए गए उन दो बंदियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस जेल नहीं लौटे थे।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित निर्देशों के अनुपालन में, कोविड काल के दौरान जेलों से पैरोल पर छोड़े गए सिद्धदोष और विचाराधीन बंदियों की पुनः गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे।
इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन में ट्रांजिट कैंप पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को रम्पुरा स्थित एक किराए के मकान में दबिश दी। वहां से पुलिस ने पप्पू और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार किए गए दोनों बंदी पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त थे। कोविड महामारी के दौरान इन्हें पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी इन्होंने न्यायालय या जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अकरम अहमद और अपर उप निरीक्षक चन्द्र प्रकाश बबाढी शामिल रहे। पुलिस अब दोनों को जेल भेजने की अग्रिम कार्यवाही कर रही है।
