ऊधमसिंह नगर: पुलिस दबिश के दौरान महिला की मौत, चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उधमसिंह नगर में पुलिस दबिश के दौरान एक वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को कोतवाली गेट पर रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर शाम एसएसपी ने दबिश देने गए उप निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया और जांच एसपी सिटी को सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस नानकमत्ता के गांव सिद्धा नवदिया में एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों ने घर में मौजूद लोगों से अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान 80 वर्षीय सुखदेव कौर धक्का लगने से गिर गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जिस किशोरी को भगाने का आरोप लगाया जा रहा था, उसे वे पहले ही बरामद कर पुलिस को सौंप चुके थे और आरोपी को परिवार से बेदखल भी कर दिया गया था। इसके बावजूद पुलिस द्वारा दबिश देने से परिवार में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को नानकमत्ता कोतवाली गेट पर रखकर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी समेत किच्छा, सितारगंज, खटीमा और पुलभट्टा थानों की पुलिस तथा पीएसी मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके चलते एहतियातन कोतवाली गेट बंद करना पड़ा।
बाद में विधायक गोपाल सिंह राणा और पुलिस अधिकारियों की वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। सीओ ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम, उसकी वीडियोग्राफी कराने तथा रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
एसओजी इंचार्ज उमेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की अधिकारियों से वार्ता कराई। वहीं लखविंदर नामक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने घर पर धक्का-मुक्की और धमकाने की कोशिश की, जिससे उनकी दादी सुखदेव कौर गिर गईं। आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल भी नहीं ले गए। करीब 15 मिनट बाद नानकमत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
