उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर लाखों की रंगदारी की मांग, महिला सहित दो गिरफ्तार

रुद्रपुर में एक व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने और लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने व्यापारी को निर्वस्त्र कर उसकी वीडियो बनाई और जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भारी रकम की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद महिलाओं समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए महिला सरगना और उसके एक सहयोगी दलाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ट्रांजिट कैंप निवासी व्यापारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रिया नाम की युवती पिछले कुछ दिनों से उससे चैटिंग कर रही थी। 27 मार्च 2026 को युवती ने उसे फुलसुंगा श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया। व्यापारी के वहां पहुंचने पर युवती उसे अपने घर ले गई, जहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे बंधक बना लिया। आरोप है कि घर में प्रवेश करते ही ऊपर के कमरे से एक अन्य युवती और चार युवक नीचे आ गए, जिन्होंने व्यापारी के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की और जबरन कपड़े उतरवाकर वीडियो बना ली।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। भयभीत व्यापारी ने अपने मित्र के माध्यम से आरोपियों द्वारा बताए गए गूगल पे नंबर पर 14 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। रात करीब दो बजे एक महिला मौके पर पहुंची और कथित तौर पर व्यापारी की “जमानत” लेकर उसे वहां से बाहर ले गई। आरोप है कि उसी महिला ने अगले दिन 1.20 लाख रुपये की मांग करते हुए रकम न देने पर जेल भिजवाने की धमकी दी।

व्यापारी का कहना है कि डर के चलते उसने अपने मित्र के सामने उक्त महिला को 30 हजार रुपये नकद भी दिए, लेकिन इसके बाद भी उसे लगातार धमकी भरे फोन आते रहे। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कार में रखी सोने की चेन गायब हो गई। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गंगापुर मार्ग स्थित इंडियन कॉलोनी में रहने वाली एक महिला लंबे समय से किरायेदार के रूप में रह रही थी, जिसके गतिविधियों पर स्थानीय लोगों को पहले से संदेह था। बताया जा रहा है कि महिला अपनी सहयोगी युवतियों के जरिए संपन्न युवकों को निशाना बनाती थी। युवतियां व्हाट्सएप कॉल और चैटिंग के माध्यम से संपर्क बढ़ाकर उन्हें घर बुलाती थीं, जहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्य ब्लैकमेलिंग की साजिश को अंजाम देते थे।

एक अन्य पीड़ित युवक द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने औचक कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके सहयोगी दलाल को मोदी मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरोह की करतूतों का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला को साथ लेकर उसके ठिकाने पर दबिश दी, जहां से हजारों रुपये की नगदी, कई मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है तथा पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!