ऊधमसिंह नगर : टैक्स चोरी पर शिकंजा, ट्रांसपोर्ट कंपनी से जमा कराए 6.2 लाख रुपये
रुद्रपुर। विशेष अनुसंधान इकाई और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने टैक्स चोरी कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दिल्ली से रुद्रपुर और हल्द्वानी तक माल ढोने वाले वाहनों पर गोपनीय निगरानी रखी गई। उत्तराखंड सीमा में प्रवेश करते ही कई गाड़ियों को पकड़ा गया। काशीपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 6.2 लाख रुपये जमा कराए हैं।
संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार किच्छा सचल दल ने दिल्ली से रुद्रपुर आ रही आकर्ष ट्रांसपोर्ट की एक गाड़ी को पकड़ा। वहीं रुद्रपुर की टीम ने सोमेश्वर लॉजिस्टिक्स की एक गाड़ी और आकर्ष ट्रांसपोर्ट की तीन अन्य गाड़ियों को पकड़ा। ये वाहन परिवहन नियमों की अनदेखी करते हुए माल ढुलाई कर रहे थे। जांच के दौरान किच्छा में स्क्रैप से भरी एक गाड़ी और रुद्रपुर में वेजिटेबल ऑयल से भरा टैंकर भी जांच के लिए रोका गया।
वहीं, काशीपुर में एक वाहन आरएस ट्रांसपोर्ट का पकड़ा गया। टीम ने संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी से 6.2 लाख रुपये जमा कराए। विभाग का कहना है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जीएसटी उपायुक्त विनय प्रकाश ओझा ने बताया कि विभाग जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। टैक्स चोरी या नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहनों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की जा रही हैं और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
