उत्तराखंड: हवालात में पीआरडी जवान की संदिग्ध मौत, एसएसपी ने थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हवालात के अंदर पीआरडी जवान की संदिग्ध मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एक पेट्रोल पंप पर नशे की हालत में पहुंचे व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि उसने पंप कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की और तेल डलवाने के बाद भुगतान करने से भी इनकार कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि गिरफ्तार किया गया शख्स पीआरडी जवान सुनील है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर लाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देहरादून पुलिस द्वारा हवालात में बंद किए जाने के दौरान सुनील कुछ समय तक हंगामा करता रहा, लेकिन थोड़ी देर बाद अचानक उसकी आवाज आनी बंद हो गई। पुलिस कर्मियों ने जब हवालात में जाकर देखा तो वह बेसुध अवस्था में जमीन पर गिरा हुआ मिला। तत्काल उसे कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ग्रामीण जया बालूनी ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल और न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर मामले में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर थाने के थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाए गए इस कदम के तहत एसओ गिरीश नेगी, महिला एसआई रजनी चमोली, हेड कांस्टेबल सतीश और कांस्टेबल ज्योति रावत को लाइन हाजिर किया गया है।
