उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: दहेज में 15 लाख और थार की मांग, विवाहिता से मारपीट; पति समेत पांच पर मुकदमा

ऊधमसिंह नगर। रुद्रपुर में दहेज उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर 15 लाख रुपये नकद और थार कार की मांग को लेकर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम नरपत नगर निवासी पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह 16 अप्रैल 2022 को आदर्श कॉलोनी निवासी विजय कुमार के साथ हुआ था। विवाह में उसके परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे।

आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, जेठ, जेठानी और ननद दहेज से असंतुष्ट थे। सभी लोग अतिरिक्त 15 लाख रुपये और थार कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का कहना है कि उसके परिवार द्वारा 3 लाख रुपये देने के बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और जान से मारने तथा पति की दूसरी शादी कराने की धमकी दी गई। 1 अप्रैल 2025 को कथित तौर पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह मायके में रह रही है।

इसके अलावा, 30 जून 2025 को आरोपियों द्वारा मायके पहुंचकर दोबारा दहेज की मांग करने, गाली-गलौज और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर 17 मार्च 2026 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!