ऊधमसिंह नगर : अंधविश्वास और जिन्न का खौफ दिखाकर करोड़ों की ठगी, एफआईआर दर्ज
ऊधमसिंह नगर। जिले में अंधविश्वास के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिन्न का खौफ दिखाकर और दोगुना-तीगुना पैसा लौटाने का लालच देने वाला एक व्यक्ति भारी रकम लेकर फरार हो गया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर सख्त कार्रवाई और धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
संवाद न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, काशीपुर के ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी शकील सहित 20–25 महिला-पुरुषों ने आईटीआई कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को शिकायत सौंपी। तहरीर में बताया गया कि करीब दो वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात गांव धीमरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को समिति संचालक बताते हुए तंत्र-मंत्र व जादू-टोना करने का दावा किया। उसने समिति में जमा रकम को 9 माह से एक वर्ष के भीतर तीन गुना लौटाने का भरोसा दिया।
शुरुआत में कुछ लोगों को रकम बढ़ाकर लौटाने से उसकी बातों पर विश्वास बढ़ा और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग पैसा जमा कराने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी तंत्र-मंत्र के नाम पर जिन्न का डर दिखाकर रिश्तेदारों व परिचितों से भी पैसा लाने का दबाव बनाता रहा। अंधविश्वास में आकर कई लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई उसकी समिति में जमा कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी रकम जमा होने के बाद आरोपी ने रिफंड देना बंद कर दिया और बाद में फरार हो गया। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी संगठित गिरोह के साथ लोगों को झांसे में लेता है और इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की ठगी कर चुका है। रकम मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़ितों का दावा है कि आरोपी ने हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है, जिससे लोग दर-दर भटकने को मजबूर हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों का आरोप: बांसखेड़ा खुर्द के ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी करीब दो साल पहले गांव में आयोजित एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि के रूप में आया था। जलसे के बाद उसने कब्रिस्तान की सफाई और गरीबों की मदद जैसे कार्यों का हवाला देकर लोगों का विश्वास जीता और दावा किया कि उस पर “जिन्न भाईजान” आता है, जो उसकी बात मानने पर लोगों का पैसा दोगुना-तीगुना कर देगा। इन दावों में आकर लोगों ने लाखों रुपये नगद जमा कराए, जिन्हें लेकर आरोपी फरार हो गया। पीड़ितों ने पुलिस को 60–70 लोगों के नाम और जमा रकम की सूची भी सौंपी है।
