उधमसिंह नगर

काल बनकर दौड़े वाहन: ऊधमसिंह नगर जिले में तीन हादसों में चार की मौत, दो दोस्तों की भी गई जान; परिवारों में शोक

ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें दो दोस्त भी शामिल हैं। हादसों की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

दिनेशपुर निवासी सुजल ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। उसका दोस्त समीर एक कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार देर रात करीब दो बजे दोनों बाइक से दिनेशपुर से किच्छा जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में समीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुजल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

दूसरी घटना में ट्रांजिट कैंप निवासी दिशांत की जान चली गई। वह सोमवार रात दिनेशपुर में पूजा महोत्सव देखकर बाइक से घर लौट रहा था। हरिदासपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था।

तीसरे हादसे में उत्तर प्रदेश के जिला बरेली निवासी लालता की मौत हो गई। वह रेशमबाड़ी में किराये पर रहकर काम करता था और उसके दो बच्चे हैं। मंगलवार देर रात दोस्त के साथ बाइक से बहेड़ी जाते समय किच्छा रोड पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।

error: Content is protected !!