उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : दुकान बेचने के नाम पर 30 लाख की ठगी का आरोप, बिल्डर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। एक व्यक्ति को पहले दुकान और बाद में प्लॉट में पैसा समायोजित कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को धोखा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ओमेक्स रिवेरा, थाना पंतनगर निवासी हेमेन्द्र स्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करन गुप्ता और उसके सहयोगियों ने उन्हें एक व्यावसायिक दुकान खरीदने का प्रस्ताव दिया था। आरोपियों ने बताया कि उनकी कंपनी सीकेजी प्राइवेट लिमिटेड दुकानों के निर्माण और विकास का कार्य करती है। उन्होंने दुकान खरीदने पर अच्छे लाभ और जल्द कब्जा दिलाने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि उनकी बातों पर विश्वास कर हेमेन्द्र स्वरूप ने 29 लाख 38 हजार 800 रुपये का भुगतान कर सीकेजी प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से दुकान का सौदा किया। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी दुकान पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ। लगातार तीन वर्षों तक आरोपी निर्माण कार्य जल्द शुरू करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन काम शुरू नहीं कराया गया।

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो करन गुप्ता ने दूसरी कॉलोनी में एक आवासीय प्लॉट/विला देने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए उनसे यश सिंह गंगवार के माध्यम से 50 हजार रुपये अतिरिक्त लेकर नया एग्रीमेंट कराया गया। बाद में जांच करने पर पता चला कि एग्रीमेंट और अन्य दस्तावेज कूटरचित हैं तथा उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।

मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने करन गुप्ता सहित तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!