उधमसिंह नगर

गदरपुर : गोवंश स्क्वॉड टीम पर हमला, फायरिंग से मची अफरा-तफरी

गदरपुर। प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची गोवंश स्क्वॉड टीम पर कथित तस्करों ने फायरिंग कर दी। टीम के सदस्यों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह गोवंश स्क्वॉड के कुमाऊं प्रभारी पंकज बेलवाल को गदरपुर के वार्ड नंबर तीन स्थित गांधी कॉलोनी में प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचने पर वहां एक वाहन में सवार कुछ लोग निकलने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि जब टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने दो राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के बाद आरोपी वाहन को पीछे मोड़कर भागने लगे, लेकिन भागने के दौरान वाहन गांधी कॉलोनी में एक मकान से टकरा गया, जिससे मकान को नुकसान पहुंचा। गोवंश स्क्वॉड के सदस्यों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।

इसी दौरान टीम को बाबू नामक व्यक्ति के घर में भी प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना मिली। जांच के दौरान वहां से भी बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद किया गया। कार्रवाई में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, मोहन बोरा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बरामद मांस के नमूने पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में जांच के लिए भेजे गए हैं। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि बरामद मांस प्रतिबंधित श्रेणी का है या नहीं, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

गोवंश स्क्वॉड के कुमाऊं प्रभारी पंकज बेलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नईम और अबरार के रूप में हुई है, जबकि अयूब और मोहिन फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल और व्यापार मंडल से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!