भूमि कब्जाने और जान से मारने की धमकियों से परेशान युवक ने खाया जहर, प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
आत्महत्या के एक मामले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर, उसके सहयोगी और एक महिला पड़ोसी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न के कारण उसके पति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
किच्छा। पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि उसके पति वीर विमलेन्द्र सिंह की किशनपुर में कृषि भूमि है। पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पूछने पर उन्होंने बताया था कि राजीव आहूजा और आशीष नागपाल लगातार जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि दोनों दबंगई के बल पर जमीन पर कब्जा करने और परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे थे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी भूमि स्वामिनी अनुराधा भी उनके पति को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती थी। विमलेन्द्र ने अपनी पत्नी को बताया था कि अनुराधा ने उनके पीछे गुंडे लगा रखे हैं, जिससे वह भय और तनाव में जी रहे थे।
आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव और धमकियों के चलते 5 जून की शाम विमलेन्द्र की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई नशीला पदार्थ खा लिया है। बाद में उन्हें राममूर्ति अस्पताल, भोजीपुरा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला का आरोप है कि राजीव आहूजा, आशीष नागपाल और अनुराधा द्वारा दिए गए मानसिक तनाव और धमकियों के कारण ही उनके पति ने यह कदम उठाया। किच्छा कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
