रुद्रपुर: होटल में युवक संग मिली दो बच्चों की मां, पति और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पकड़ा
रुद्रपुर। एक होटल में दो बच्चों की मां को दूसरे धर्म के युवक के साथ पाए जाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। महिला के पति ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं की मदद से दोनों को होटल के कमरे से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मलसा गिरधरपुर निवासी महिला का क्षेत्र के ही एक युवक के साथ पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को महिला के पति ने उसे युवक के साथ जाते देखा और उनका पीछा किया। दोनों पुलभट्टा स्थित एक होटल में पहुंचे, जिसके बाद पति ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सहायता मांगी।
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता और महिला का पति होटल पहुंचे, जहां दोनों को एक कमरे में पाया गया। सूचना मिलने पर पुलभट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ कर उन्हें थाने ले गई।
पुलिस ने युवक के परिजनों को भी मामले की जानकारी देकर थाने बुलाया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी और पति द्वारा तहरीर दिए जाने की तैयारी चल रही थी।
