उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी पुराने मामले में जेल पहुंचा, अब पुलिस रिमांड की तैयारी

रुद्रपुर। कक्षा 12 की छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने कार में ले जाकर दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो बनाने के आरोप में घिरे युवक ने पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस उसे इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए शनिवार को न्यायालय में आवेदन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी कक्षा 12 की छात्रा बीते सोमवार को घर से पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान छतरपुर, पंतनगर निवासी उसका परिचित रंजीत उसे रास्ते में मिला। आरोप है कि युवक ने छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा देकर अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद वह उसे शांति विहार मार्ग पर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी पर छात्रा की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाने का भी आरोप है।

पीड़िता ने आरोपी पर घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच आरोपी ने पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।

आरोपी के जेल में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे वर्तमान मामले में पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को न्यायालय में पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन किया गया। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से पीसीआर मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता के परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर भी गुहार लगाई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। अब उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है।

error: Content is protected !!