उत्तराखंडउधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर में 1 जुलाई से खनन पर रोक, डीएम ने आदेश किया जारी

रुद्रपुर। वर्षाकाल के दौरान संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि से जन-धन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उधम सिंह नगर प्रशासन ने जिले के अधिकांश खनन क्षेत्रों में खनन एवं चुगान कार्य पर अस्थायी रोक लगा दी है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक जिले के सभी खनन क्षेत्रों में खनन और चुगान कार्य बंद रहेगा।

आदेश में बताया गया है कि उप निदेशक, खनन उधम सिंह नगर के पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। वर्षाकाल में नदियों के जलस्तर में वृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं की आशंका के चलते खनन गतिविधियों से जन-धन की हानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण एहतियातन यह कदम उठाया गया है।

हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा उच्च न्यायालय एवं अन्य सक्षम प्राधिकारों के निर्देशों के अनुपालन में संचालित कार्य इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। इनके अलावा जिले के सभी खनन पट्टों पर खनन एवं चुगान कार्य निर्धारित अवधि तक बंद रहेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध खनन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध उत्तराखंड उप खनिज परिहार नियमावली, 2023 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

error: Content is protected !!