उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर: रेडिसन ब्लू होटल में युवती की संदिग्ध मौत, बिजनेस पार्टनर पर हत्या का मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। होटल रेडिसन ब्लू में दिल्ली निवासी युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पार्टनर के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, जिसके चलते बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नई दिल्ली निवासी ज्योति अपने पार्टनर अमित के साथ नैनीताल रोड स्थित होटल में ठहरी हुई थी। सुबह वह कमरे में मृत मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। वहीं, मृतका की बहन की तहरीर पर आरोपी अमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अमित पहले भी ज्योति के साथ मारपीट कर चुका था और इस संबंध में नई दिल्ली के लोदी कॉलोनी में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उसने विवाह और होटल व्यवसाय में साझेदारी का झांसा देकर ज्योति से करीब 38 लाख रुपये, 200 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी के आभूषण अपने पास रख लिए।

जब ज्योति ने पैसे या साझेदारी की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी ने होटल के कमरे में साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की और वीडियो बनाकर उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया।

परिजनों के अनुसार घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि ज्योति ने खुद को बचाने की कोशिश की थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह शराब का सेवन नहीं करती थी, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो जाता है।

थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि आरोपी अमित चौधरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!